यूपी से दिल्ली आए शायर मुन्नवर राना, एम्स में उपचार
लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की शानदार जीत के बाद राज्य छोड़ने की बात करने वाले मशहूर शायर मुनव्वर राणा दिल्ली आ गए हैं। खास बात यह है कि मुनव्वर राणा के साथ उनका परिवार भी दिल्ली आ गया है।
दरअसल, मुनव्वर राणा किडनी की बीमारी से पीडि़त हैं, वह इलाज के लिए दिल्ली आए हैं। राणा को मूत्र नली में संक्रमण की स्थिति गंभीर होने के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही मुनव्वर राना गले के कैंसर से भी पीडि़त हैं।
महज कुछ दिनों पहले ही मुनव्वर राणा को एम्स से छुट्टी मिली थी। शायर मुनव्वर राणा 30 मार्च को दिल्ली के एम्स में भर्ती हुए थे। इससे पहले करीब 20 दिन लखनऊ के पीजीआई और 10 दिन लखनऊ मेदांता में भर्ती थे। ठीक न हो पाने पर एम्स आए थे। हालांकि कुछ दिनों के इलाज के बाद राना को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
बता दें कि यूपी चुनाव का बिगुल बजते ही शायर मुनव्वर राना ने कहा था, योगी दुबारा मुख्यमंत्री बने, तब यूपी छोड़ दूंगा।दिल्ली-कोलकाता चला जाऊंगा। मेरे पिता ने पाकिस्तान जाना मंजूर नहीं किया, लेकिन अब बड़े दुख के साथ मुझे यह शहर, यह प्रदेश, अपनी मिट्टी को छोड़ना पड़ेगा।
