खनौरी बॉर्डर पर किसान शुभकरण की गोली लगने से मौत
बठिंडा (पंजाब)
संगरूर के खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे 23 साल के शुभकरण सिंह पुत्र चरणजीत सिंह गांव बलो निवासी जिला बठिंडा की मौत हो गई है। मृतक के शव को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रखा गया है। युवक की मौत गोली लगने से बताई जा रही है।
शुभकरण दो बहनों का इकलौता भाई था। बुधवार को जैसे ही उसकी मौत की सूचना मिली तो परिवार में चीख पुकार मच गई। गांव में मातम पसर गया।
पंजाब के राजनेताओं ने शुभकरण की मौत पर संवेदना जताई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पोस्ट किया-शुभकरण सिंह की हत्या सरकारी मशीनरी ने की है। किसानों के संघर्ष से भाजपा सरकार इतनी घबरा गई है कि दानदाताओं को रोकने के लिए गोलियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मोदी साब! ये किसान आपकी थाली में अनाज डालते हैं. उन पर हुए जुल्म को भगवान भी माफ नहीं करेगा। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने और शेष किसानों को आशीर्वाद देने की प्रार्थना करता हूं।
