लाकडाउन के दौरान लोगों ने देखा पुलिस का मानवीय चेहरा रू पीएम मोदी
गांधीनगर
विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। पीएम मोदी के गुजरात दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पीएम मोदी ने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में अब वेल ट्रेंड मेन पावर समय की मांग है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में रक्षा के क्षेत्र में जो अपना करियर बनाना चाहते हैं उनके लिए ही इस यूनिवर्सिटी का जन्म हुआ है।
पीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान वर्दी में कई पुलिसकर्मियों को लाकडाउन के समय जरूरतमंदों को भोजन और दवाइयां देते देखा, यही पुलिस का मानवीय चेहरा है। मोदी ने साथ ही लोगों को पुलिस के प्रति धारणा बदलने को कहा। पीएम ने युवाओं को कहा कि अपने अगर यूनिफॉर्म पहन ली, तब ये सोचने की गलती मत करना की दुनिया आपकी मुठ्ठी में है। यूनिफॉर्म की इज्जत तब बढ़ती है, जब इंसान के भीतर मानवता होती है और जब उसमें करुणा का भाव होता है।
पीएम ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद कानून-व्यवस्था की भर्ती में सुधारों की आवश्यकता थी जिसमें हम पीछे रह गए। उन्होंने कहा कि पुलिस के बारे में एक धारणा है कि उनसे दूर रहो, हालांकि यह सेना के साथ नहीं है। पीएम ने कहा कि यह आवश्यक है, कि पुलिसकर्मियों को इस तरह से प्रशिक्षित किया जाए कि वे लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें।
पीएम ने शनिवार को राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का नया परिसर राष्ट्र को समर्पित किया। परिसर के उद्घाटन के दौरान उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। इससे पहले गांधीनगर के दहेगाम में पीएम ने रोड शो किया। रोड शो के दौरान मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिनंदन भी किया।
