बिपिन के गोल से चैम्पियन मुंबई की उम्मीदें बरकरार

 

फातोरदा,। मुंबई सिटी एफसी ने जीत से हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के सेमीफाइनल स्थान पर अपनी पहुंच बनाए रखी है। विंगर बिपिन सिंह के एकमात्र गोल की मदद से मौजूदा चैम्पियन ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में लीग मुकाबले में फिसड्डी एससी ईस्ट बंगाल को 1-0 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल करने और दूसरे हाफ में दाहिने फ्लैंक पर प्रभाव छोडऩे के लिए बिपिन को हीरो ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

अपनी आठवीं जीत से मुंबई सिटी ने अंक तालिका में एक स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष चार में प्रवेश कर लिया है। कोच डेस बकिंघम की टीम 17 मैच से 28 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान आ गई है। वहीं, ईस्ट बंगाल प्रभावहीन प्रदर्शन के बाद अंक तालिका में सबसे निचले 11वें स्थान पर बनी हुई है। 10वीं हार के बाद कोच मारियो रिवेरा की टीम 18 मैचों से मात्र 10 अंक ही जुटा सकी है।

मैच का पहला गोल 51वें मिनट में आया, जब विंगर बिपिन सिंह ने मुंबई सिटी को 1-0 की बढ़त दिला दी। दाहिने फ्लैंक से बने एक हमले में डिफेंसिव मिडफील्डर के रूप में खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई अटैकिंग मिडफील्डर ब्रैडेन इनमैन ने अटैकिंग थर्ड पर एक थ्रू-पास करके गेंद बिपिन तक पहुंचाई। बिपिन तेजी से गेंद लेकर दौड़े और कट बैक करते हुए बॉक्स के ठीक बाहर से लेफ्ट फुटर शॉट लगाया जबकि ईस्ट बंगाल के गोलकीपर शंकर रॉय अपने बायीं तरफ डाइव लगाकर भी गेंद को गोलपोस्ट में जाने से नहीं रोक सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *