सीएम योगी की चुनावी जनसभा आज
मिल्कीपुर-अयोध्या ,
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 में सियासी जंग जोरों पर है। सभी पार्टियों के फायर ब्रांड नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक जनता के बीच में अपनी अपनी उपलब्धियां गिना रहे हैं। एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। आगामी 27 फरवरी को अयोध्या जिले में पांचवे चरण में मतदान होना है। इसको लेकर सभी राजनैतिक पार्टियां सक्रिय हो गई है। भारतीय जनता पार्टी अयोध्या की पांचो विधानसभा सीटों पर एक बार फिर अपना कब्जा जमाने की कोशिश में है। जिसको लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने माहौल बनाना शुरू कर दिया है। जिस क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जिले के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा के पक्ष में मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करने के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार के उपलब्धियां गिनाएंगे। मिल्कीपुर विधायक एवं भाजपा पार्टी के प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा के निजी सचिव महेश ओझा की ओर से इस कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा के पांच नंबर चैराहा इनायत नगर स्थित मैदान में उनका उडऩ खटोला 11 बजकर 5 मिनट पर उतरेगा। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे जनसभा को संबोधित करेंगे। सोमवार दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने कार्यक्रम स्थल पहुंच कर हेलीपैड व मंच का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
