लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के दिए निर्देश

पौड़ी। सीओ पौड़ी प्रेमलाल टम्टा ने थलीसैंण थाने का निरीक्षण किया। सीओ ने थानाध्यक्ष को लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी की शिकायत सुनी जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। शुक्रवार को सीओ प्रेमलाल टम्टा ने थलीसैंण थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में रखे अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, बैरिक, मेस, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरे, कम्प्यूटर उपकरणों आदि का निरीक्षण किया गया। सीओ ने थाने में रखी आपदा प्रबंधन से संबंधित सामग्री को हर समय एक्टिव मोड पर रखने के निर्देश दिए। कहा कि कोविड के नये वेरियेन्ट ओमिक्रोन के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लोगों को जागरूक किया जाए व नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। सीओ ने थाने में साफ सफाई रखने, फायर सर्विस कर्मियों को जीवन रक्षा कार्यों किसी बिल्डिंग में आग लगना, वाहन दुर्घटनायें होने, प्राकृतिक आपदा के आने पर मानव जीवन को बचाए रखने, समय से घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का निवारण किए जाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की समस्याएं भी सुनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *