पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगा जल संस्थान
ऋषिकेश
पीने के पानी का दुरुपयोग होने से डाईवाला के लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत जल संस्थान से की। अब जल संस्थान पानी का दुरुपयोग कर रहे लोगो के खिलाफ अभियान चलाएगा। डोईवाला क्षेत्र में पेयजल समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। उत्तराखंड जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि आए दिन पेयजल समस्या की शिकायतें आ रही हैं। जबकि विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति ठीक तरीके से की जा रही है। ऐसे में पेयजल समस्या का कारण पानी का दुरुपयोग है। कई जगहों पर पेयजल लाइन से ही व्यवसायिक निर्माण कार्य हो रहे है। जिसको लेकर अब विभाग अभियान चलाएगा। कहा कि पेयजल का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर 5 से 10 हज़ार का जुर्माना एवं उसका कनेक्शन रद्द करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने लोगों से पेयजल का दुरुपयोग नहीं करने की अपील की है।
जल्द लगेंगे वाटर एटीएम: जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि पेयजल समस्या व शुद्ध पेयजल के लिए तीन वाटर एटीएम डोईवाला में लगाए जाएंगे। जिसके लिए जगह को चिन्हित किया जा रहा है। एक सप्ताह में यह वाटर एटीएम लग जाएंगे। जिससे क्षेत्रवासियों को सहूलियत हो।
