मसूरी में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, हवाई फायरिंग

मसूरी।

माल रोड पर गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों पर फायरिंग का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
स्थानीय निवासी प्रदीप भंडारी और रमेश ने बताया कि यूपी नंबर की एक गाड़ी स्टेट बैंक के पास सड़क पर खड़ी थी। कुछ स्थानीय युवक वहां से गुजरे तो उन्होंने पर्यटकों से गाड़ी हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर पर्यटकों ने हवा में गोली चला दी। इसके बाद वहां से गाड़ी लेकर भाग गए। युवक ने उनका पीछा किया और गाड़ी रुकवाकर चाबी छीन ली। इसके बाद वहां काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों को थाने ले आई। वहीं, पर्यटक माल रोड पर किसी होटल में रुके हुए हैं। इसके बाद समाजसेवी मेघ सिंह कंडारी घटनास्थल पर पहुंचे और पर्यटकों के खिलाफ लिखित में थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद ने बताया कि गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया था। पूरी घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *