घनी आबादी में लग रहे मोबाइल टावर का ग्रामीणों ने किया विरोध

विकासनगर।

तहसील क्षेत्र अंतर्गत सोरना-डोभरी पंचायत में घनी आबादी के बीच लग रहे मोबाइल टावर का ग्रामीणों ने रविवार को जमकर विरोध किया। हंगामा बढ़ता देख सूचना राजस्व उप निरीक्षक और पुलिस प्रशासन को दी गई। राजस्व पुलिस और नागरिक पुलिस की ओर से टावर निर्माण कार्य रुकवाने के बाद हंगामा कर रहे ग्रामीण शांत हुए।
हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने राजस्व कर्मियों और पुलिस कर्मियों को बताया कि निजी कंपनी की ओर से मानकों को ताक पर रखकर टावर निर्माण कार्य किया जा रहा है। गांव में पहले से ही मोबाइल टावर मौजूद हैं। अब घनी आबादी के बीच लगने वाले एक और टावर से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। निजी संचार कंपनी की ओर से टॉवर निर्माण के लिए आसपास के ग्रामीणों की अनुमति भी नहीं ली गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। हंगामा करने वालों में रूबीना, मसूद अली, चतर सिंह, पीतांबर, सूरजपाल, धर्म सिंह, शाहरूख आदि ग्रामीण शामिल रहे। उधर, राजस्व उप निरीक्षक रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि टावर निर्माण कार्य पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *