स्टेडियम के सामने ओवरब्रिज पर सड़क जर्जर रोज होते हादसे
रोहतक —
बजट का टोटा बताकर अधिकारी विकास कार्य कराने से पीछे हटने लगे हैं। जबकि सेक्टर वालों के मुसीबत खड़ी हो गई है। सेक्टर वालों का दावा है कि सड़कें टूटी पड़ी हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। सेक्टर वालों का कहना है कि एन्हांसमेंट का बोझ है, दूसरी ओर अधिकारी काम नहीं करा रहे। इस वजह से सेक्टर वाले दोहरी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। दूसरी ओर, वार्ड-11 के पार्षद ने कहा कि मैं टूटी व जर्जर सड़क का मामला हाउस की बैठक में उठाऊंगा।
सेक्टर-6 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रमेश खासा ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में खामियां गिनाईं। इन्होंने दावा किया कि सेक्टर-6 बस स्टैंड से जो राजीव गांधी स्टेडियम के पास से और सनसिटी की तरफ सड़क जाती है। इस सड़क की हालात बेहद खराब है, इसमें एक-डेढ़ फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। हर रोज यहां दुर्घटना होती रहती हैं, लेकिन नगर निगम या फिर विकास प्राधिकरण के अधिकारी इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहे। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। प्रधान खासा का कहना है कि हम इस बारे में लिखित में भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। प्रधान ने कहा कि अगर प्रशासन ने इस पर संज्ञान नहीं लिया तो हम इसकी शिकायत सीएम विडो पर भी करेंगे। प्रशासन से अनुरोध किया कि इस समस्या का जल्दी समाधान किया जाए जिससे हजारों की संख्या में आने जाने वालों को परेशानी ना हो और दुर्घटना को रोका जा सके।
