विशाल भारद्वाज की फिल्म खुफिया में नजर आएंगे अली फजल और तब्बू

तब्बू बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। अपनी खूबसूरती, अदा और अंदाज से उन्होंने लाखों प्रशंसकों को दीवाना बनाया है। इस साल वह कई प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में रही हैं। तब्बू के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी सामने आई है। वह मशहूर फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज की अगली फिल्म खुफिया में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इस फिल्म में अभिनेता अली फजल भी नजर आएंगे। फिल्ममेकर विशाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का ऐलान किया है।
विशाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म से संबंधित जानकारी साझा की है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक जासूसी थ्रिलर फिल्म खुफिया को साझा करते हुए रोमांचित हूं। यह जासूसी पर आधारित थ्रिलर फिल्म है, जो जल्द ही केवल नेटफ्लिक्स पर आएगी। तब्बू ने विशाल की फिल्म हैदर में भी काम किया था। शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर भी इस फिल्म में नजर आए थे।
यह फिल्म अमर भूषण के जासूसी उपन्यास एस्केप टू नोव्हेयर पर आधारित है। वामिका गब्बी और आशीष विद्यार्थी फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में हैं। तब्बू ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया है। इस फिल्म के जरिए विशाल डिजिटल दुनिया में कदम रखने वाले हैं। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए नेटफ्लिक्स के साथ हाथ मिलाया है। निर्देशन के साथ फिल्म निर्माण की जिम्मेदारी विशाल के कंधे पर होगी।
खुफिया एक रॉ ऑपरेटिव कृष्णा मेहरा की कहानी है, जिसे भारत के सुरक्षा से जुड़े रहस्यों को ट्रैक करने के लिए जिम्मेदारी दी जाती है। यह फिल्म 2022 में रिलीज हो सकती है। इस फिल्म के अलावा अली और तब्बू विशाली की आगामी फिल्म कुत्ते में भी दिखने वाले हैं। इस फिल्म से विशाल के बेटे आसमान निर्देशन की दुनिया में कदम रखेंगे। कुत्ते में कोंकणा सेन शर्मा, नसीरुद्दीन शाह, कुमुद मिश्रा, राधिका मदान और शार्दुल भारद्वाज शामिल हैं।
अली को पिछले साल मिर्जापुर 2 में देखा गया था। इसके बाद हाल ही में वह नेटफ्लिक्स की रे में दिखे हैं। वह ब्रिटिश अमेरिकी फिल्म डेथ ऑन द नाइल में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इसके अलावा फुकरे 3 उनके खाते से जुड़ी हुई है। तब्बू फिल्म भूल भुलैया 2 में दिखेंगी। दृश्यम 2 की हिन्दी रीमेक में वह एक बार फिर अजय देवगन के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *