सफाई कर्मचारियों ने समस्याएं हल की जाएं
पौड़ी
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने सफाई कर्मियों को निकायों में आवंटित आवासीय भवनों का मालिकाना हक दिए जाने की मांग की है। साथ ही सफाई कर्मियों के पद नाम पर्यावरण मित्र को संशोधित करते हुए सफाई सैनिक किए जाने की मांग भी की है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने पालिकाध्यक्ष के माध्यम से सीएम तीरथ सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन कुमार घाघट, जिला उपाध्यक्ष मुकेश ढिगीया, नगर अध्यक्ष राहुल टांक ने कहा कि संगठन लंबे समय से स्थानीय निकायों व सरकारी संस्थानों में सफाई कार्य का ठेका व्यवस्था समाप्त किए जाने की मांग कर रहा है। सफाई कर्मियों के स्थाई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए सफाई कर्मियों को नियमित किया जाए। कहा कि सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा के साथ ही राज्य कर्मियों की भांति भत्ते भी दिए जाएं। कहा कि सरकार सफाई कर्मियों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रशासन व सरकार की उपेक्षा के चलते सफाई कर्मियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्यवाही नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कहा कि जल्द ही समस्याओं का हल नहीं होने पर आंदोलन के दूसरे चरण के तहत 5 अप्रैल से तीन दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण के तहत 10 से 25 अप्रैल तक सफाई कर्मचारी अधिकार यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाते हुए जागरूकता अभियान चलाएंगे। चौथे चरण में 1 मई को सीएम आवास घेराव व 2 मई से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में नगर महामंत्री राजू रीडियान, नगर उपाध्यक्ष सुनील राजवंशी आदि शामिल थे।
