वीकेंड पर ऋषिनगरी में उमड़े पर्यटक
ऋषिकेश।
वीकेंड पर ऋषिनगरी पर्यटकों से गुलजार रही। इस दौरान पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल कदमी से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। राम, लक्ष्मण और जानकी झूला पुलों पर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। दिल्ली, हरियाणा और अन्य शहरों के पर्यटक ऋषिकेश की ओर रुख करने लगे हैं। शनिवार को गंगा घाटी में पर्यटकों की अच्छी खासी आमद दिखाई दी। मुनिकीरेती, तपोवन, लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम के बाजारों में पर्यटकों की चहल कदमी से बाजार में रौनक नजर आई। स्थानीय दुकानों से सैलानियों ने खरीदारी भी की। इससे स्थानीय व्यापारियों में खुशी भी नजर आई। स्थानीय नागरिक नारायण सिंह रावत, जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि कोविड के बाद अब धीरे-धीरे बाजार ने रफ्तार पकड़ी है। कोविड की बंदिशों के कारण सैलानी भी यहां की ओर रुख करने से बच रहे थे। अब कोविड की रफ्तार थमने के बाद बाजार में सैलानियों की संख्या बढऩे लगी। यह पर्यटन और व्यापारियों के लिए राहत की बात है। वहीं, प्रशासन कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवा रहा है। मास्क के बिना घरों से बाहर निकलने वाले लोगों और पर्यटकों का चालान किया जा रहा है।
