मांगों के निस्तारण को पालिका कर्मियों का आंदोलन जारी

 

विकासनगर

आठ सूत्रीय मांगों के निस्तारण को नगर निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। बुधवार को भी कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के निस्तारण की मांग की। बुधवार को आंदोलन के तीसरे दिन भी निकाय कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर कर्मियों को राज्य कर्मियों की भांति सामूहिक बीमा योजना का लाभ दिलाने, सफाई निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक की पदोन्नति, राज्य कर्मियों की भांति आवास और किराया भत्ता, ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने, ठेका प्रथा समाप्त कर संविदा, आउट सोर्सिंग और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित नियुक्ति देने आदि मांगों की ओर सरकार का ध्यान खींचा। महामंत्री प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्यालय के गेट पर एकत्र कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महामंत्री प्रदीप वर्मा ने बताया कि निकाय कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में सरकार को जून में महासंघ की ओर से मांग पत्र भेजा गया था। इसमें सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी शासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके सापेक्ष कर्मचारियों को आंदोलन की राह पकडऩी पड़ी है। बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को गेट मीटिंग के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके बाद 13 सितंबर को प्रदेश के समस्त निकायों में कार्यरत कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद भी यदि, सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो 20 सितंबर से निकाय कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे। प्रदर्शन में नवनीत गुप्ता, जगदीश लाल, शिव कुमार, विनोद डिमरी,आदि शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *