प्रदेश के जिलों में होगी भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना : डॉ द्विवेदी

प्रयागराज।

प्रयागराज के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 7 से 8 फीट की भगवान परशुराम जी की सफेद संगमरमर की मूर्ति स्थापित की जायेगी। सर्वप्रथम प्रयागराज में मूर्ति की स्थापना होगी। इसके बाद अन्य जनपदों में मूर्ति के लिए स्थानों को देखा जा रहा है।
यह बातें काशी प्रांत युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ श्याम प्रकाश द्विवेदी ने गुरूवार को भेंट के दौरान हिन्दुस्थान समाचार से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आते ही पार्टियां ब्राह्मण कार्ड खेलने लगती हैं, जो समाज को तोड़ने का कार्य करती है। समाज में ब्राह्मण भाइयों के साथ जिस तरह का कृत्य हो रहा है, ये बहुत दुःखद है। आज जरूरत है अपने समाज की रक्षा एवं सहयोग करने की।
उन्होंने कहा कि सभी पार्टी के बड़े-बड़े नेता सिर्फ बात करके ब्राह्मण को बहलाने का कार्य करते आए हैं। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए अब ब्राह्मणों के द्वारा अपने समाज को एक साथ लेकर चलने के लिए और उनकी रक्षा के लिए हमारे सहयोगी जनों द्वारा तीन मुख्य उद्देश्य सुनिश्चित किया गया है।
पहला प्रदेश के विभिन्न जिलों में भगवान परशुराम की मूर्ति स्थापना होगी। दूसरा प्रदेश के विभिन्न जिलों में यदि यह मालूम होता है कि कोई ब्राह्मण परिवार जो किसी अराजक तत्व एवं किसी तरह सामाजिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है तो आधी रात को भी वहां पहुंच कर उस परिवार की हर तरह से एवं उसके सम्मान की रक्षा करने का कार्य किया जायेगा। तीसरा उद्देश्य यदि प्रयागराज के साथ-साथ विभिन्न जिलों से ऐसी सूचना मिलती है कि ऐसा परिवार जिसके घर में दो वक्त की रोटी मिलना भी मुश्किल है, ऐसे में उस परिवार के खाने की व्यवस्था की जायेगी। इस दौरान रवि शंकरजी महाराज, एसपी शर्मा, जड़ी महाराज, पुष्पेन्द्र मिश्रा, आशुतोष दीक्षित, प्रियव्रत तिवारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *