बागेश्वर की टीम बनी वालीबॉल चैंपियन
बागेश्वर
धपोलासेरा वॉलीबाल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया है। बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर की टीम चैंपियन बनीं। उसने मढ़ गोपेश्वर की टीम को सीधे सेटों में हरा दिया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कार बांटे। धपोलासेरा खेल मैदान में फाइनल मुकाबला मढ़ गोपेशवर व बागेश्वर के मध्य बेस्ट ऑफ थ्री के तहत फाइनल मुकाबला खेला गया। बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए बागेश्वर ने 3-0 से मुकाबला जीत लिया। मुख्य अतिथि फर्स्वाण ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच देने वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि कांडा कमस्यार ने वॉलीबाल में राष्ट्रीय अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर अपना सिक्का जमाया है। पूर्व प्रधान भगवान सिंह धपोला की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। निर्णायक की भूमिका संजय नगरकोटी, वीरेंद्र धपोल, स्कोरर पंकज कुमार तथा मैच का आंखों देखा हाल पूरन नगरकोटी ने सुनाया। इस मौके पर ग्राम प्रधान धपोलासेरा उमेश धपोला, वीरेंद्र नगरकोटी, ललित धपोला आदि मौजूद रहे।
