देवप्रयाग में तीर्थपुरोहितों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

नई टिहरी।

चारधाम देवस्थानम बोर्ड को भंग किए जाने की मांग को लेकर तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुस्साए तीर्थपुरोहितों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। उन्होंने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई न होने की दशा में सितंबर माह में मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी दी है। मंगलवार को चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल व बदरीश पंडा पंचायत कोषाध्यक्ष अशोक टोडरिया की अगुवाई में युवा व बुजुर्ग तीर्थपुरोहितों ने संगम स्थल पर इक_ा होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। हक-हकूकधारी महापंचायत के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल ने कहा कि सरकार प्राचीन धार्मिक परम्पराओं में अपनी दखलंदाजी बंद नहीं कर रही है। जोर जबरदस्ती कर इन परम्पराओं को खत्म करने पर उतारू है। सरकार चारधाम पर निर्भर रहने वाले दुकानदारों, तीर्थपुरोहितों की रोजी रोटी छीनने में लगी है। जहां पूरे प्रदेश में लोगों का आवागमन चल रहा है, वहीं चारधाम यात्रा को बन्द किया हुआ है। उन्होंने सरकार से चारधाम यात्रा को तत्काल शुरू करने की मांग की है। डॉ. प्रभात रतूड़ी ने कहा कि सरकारें सिर्फ हिन्दू धर्म के पूजा स्थलों व वहां की परम्पराओं में मनमानी करती हैं। अन्य धर्मों से छेड़छाड़ करने का साहस उसमें नहीं है। तीर्थपुरोहितों ने एक स्वर के अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया। विरोध प्रदर्शन में आशीष कोटियाल, विपुल सवासेर, राहुल कोटियाल, विनोद टोडरिया, शशिकांत, भास्कर पुरोहित, सुनील पालीवाल, राकेश पंचभैया, विकास ध्यानी, उत्तम भट्ट, मुकेश पंचपुरी, श्यामलाल पंचपुरी, शुभांगी कोटियाल, अनसूया मिश्रा, माया पंचभैया, शीला पंचभैया, अभिलाषा, मणि देवी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *