हॉकी खिलाड़ी नीलकांता शर्मा और सुशीला चानू मुखरामबाम का इम्फाल पहुंचने पर हुआ स्वागत

इम्फाल।

टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर घर लौटे पुरुष हॉकी टीम के नीलकांता शर्मा और महिला टीम की सुशीला चानू पुखरामबाम का यहां बुधवार को इम्फाल के बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और शिक्षा मंत्री सोरोखैबम राजेन ने स्वागत किया। टोक्यो ओलंपिक में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान में हवाई अड्डे पर एकत्रित लोगों ने भी खिलाडिय़ों का जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद बीरेन ने पूर्वी इंफाल के कोंथा अहलूप में आयोजित हॉकी खिलाड़ी और टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता नीलकांत शर्मा के स्वागत समारोह में घोषणा की कि राज्य मंत्रिमंडल ने अपनी हालिया बैठक में मणिपुर सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग में राज्य के ओलंपियंस के लिए नए 18 आरक्षित पद बनाए हैं। उन्होंने बताया कि नए बनाए गए इन पदों में ओलंपियंस के लिए सहायक निदेशक के 10 पद, पदक विजेताओं के लिए उप निदेशक के पांच पद और ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए संयुक्त निदेशक के तीन पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भाग लेने वाले राज्य के एथलीटों का एक भव्य स्वागत समारोह इस महीने सिटी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा और इस मौके पर शेष ओलंपियंस के लिए संबंधित नकद पुरस्कार और नौकरी नियुक्ति आदेश सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खेल के क्षेत्र को विकसित करने के प्रति गंभीर है, क्योंकि यह युवाओं में अच्छा अनुशासन और शिष्टाचार पैदा करने में प्रमुख भूमिका निभाता है।
बीरेन ने कहा,  चूंकि सरकार राज्य से नशीले पदार्थों के खतरे को समाप्त करने के लिए बहुत प्रयास कर रही है, इसलिए युवाओं को प्रोत्साहित करना, खेलों के प्रति रुचि पैदा करना और उनके दिमाग को नशीले पदार्थों के आदी होने से रोकना अनिवार्य है।
उन्होंने हाल ही में टोक्यो ओलंपिक में राज्य के एथलीटों के शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों पर गर्व करते हुए कहा कि युवा और प्रतिभाशाली ओलंपियंस राज्य के युवाओं के बीच प्रेरणा के स्रोत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *