प्रतीक गांधी अभिनीत वेब सीरीज का निर्माण करेंगे अभिनेता अजय देवगन

स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी की सफलता के बाद प्रतीक गांधी के सितारे बुलंदियों पर पहुंच गए थे। आज के दौर में वह एक उभरते हुए अभिनेता के रूप में जाने जाते हैं। वह इस समय कई प्रोजेक्ट को लेकर व्यस्त हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि वह एक वेब सीरीज में नजर आएंगे, जिसे मशहूर अभिनेता अजय देवगन प्रोड्यूस करेंगे। इस वेब सीरीज का प्रसारण ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर होगा।
अजय प्रतीक की वेब सीरीज सिक्स सस्पेक्ट्स को प्रोड्यूस करेंगे। लेट्स ओटीटी ग्लोबल की रिपोर्ट की मानें तो अजय इस प्रोजेक्ट का सह-निर्माण करेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अजय दिवंगत निर्माता विनय सिन्हा की बेटी प्रीति सिन्हा के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट का निर्माण करेंगे। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी जल्द सामने आ सकती है। अजय ने इससे पहले तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर और शिवाय जैसे प्रोजेक्ट का निर्माण किया है।
यह सीरीज विकास स्वरूप के इसी नाम के मर्डर मिस्ट्री उपन्यास का आधिकारिक रुपांतरण है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीरीज की शूटिंग फरवरी में शुरू हो चुकी थी, लेकिन इस प्रोजेक्ट से जुड़ी टीम ने इसे गोपनीय रखा था। इस किताब के राइट्स अजय और प्रीति ने खरीद लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने विकास की एक अन्य किताब द एक्सीडेंटल अपरेंटिस के राइट्स भी खरीद लिए हैं। अजय ने अभिषेक बच्चन की द बिग बुल को भी प्रोड्यूस किया था।
इस सीरीज में ऋचा चड्ढा भी मुख्य भूमिका में दिखने वाली हैं। ऋचा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा था, अपने शेड्यूल में इस प्रोजेक्ट को शामिल करके मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं अपने पंसदीदा निर्देशक के साथ काम करने वाली हूं, जिनके साथ मैंने करियर की शुरुआत की थी। सीरीज के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया और ऋचा दोनों गैंग्स ऑफ वासेपुर में को-स्टार के रूप में साथ नजर आए थे। सीरीज की 50 फीसदी शूटिंग पूरी कर ली गई है।
2016 में प्रकाशित हुआ विकास का उपन्यास जेसिका लाल मर्डर केस से मिलता-जुलता है। इसमें एक प्रभावशाली व्यक्ति का बेटा अपनी नौकरानी को गोली से मार देता है, जब वह उसे ड्रिंक परोसने से मना कर देती हैं। केस और पेचीदा हो जाता है, जब आरोपित उस पार्टी में मृत पाया जाता है। विकास एक प्रसिद्ध भारतीय राजनयिक और लेखक हैं। उनकी पहली पुस्तक का रुपांतरण ऑस्कर विजेता फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *