सस्ती लोकप्रियता हासिल करने में जुटी भाजपा  : विक्रम नेगी

नई टिहरी

प्रतापनगर के पूर्व विधायक व कांग्रेस की प्रदेश संचालन समिति के सदस्य विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए प्रधानों के कामों के प्रमाण पत्र जनता को बांटने का काम कर रहे हैं। पहले इंदिरा आवासों को नाम बदलकर पीएम आवास योजना किया गया। अब विधायक इनका प्रमाण बांटकर सस्ती लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। कांग्रेस जिला कार्यालय में नेगी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम आवासों का चयन प्रधानों की खुली बैठक में होता है। प्रधानों का काम है, लेकिन भाजपा इस हद तक सस्ती लोकप्रियता हासिल करने में जुट गई है कि उनके प्रमाण पत्र बांट रहे हैं। दशकों से जारी इस योजना में कभी ऐसा नहीं हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के साथ यह मखौल है। आप पार्टी पर तंज कसते हुये उन्होंने कहा कि जिस बिजली को फ्री बांटने की यह बात कर रहे हैं, उसके उत्पादन में इनकी सोच तक कहीं शामिल नहीं है, लेकिन उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता इस फ्री लालच से कोसों दूर है। यहां की जनता को रोजगार व स्वरोजगार की चिंता के साथ ही उत्तराखंड राज्य को समर्थ राज्य बनाना है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलते हुये कहा कि पुलों के निर्माण के लिए पीआईयू बनाई गई लोनिवि को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाना कमजोरी को दर्शाता है। जबकि टिहरी बांध पर बनाये गये अभूतपूर्व बनाये गये पुलों के देख-रेख की जिम्मेदारी देते हुये लोनिवि डिवीजन को प्रदेश में पुलों के निर्माण के लिए नोडल डिवीजन बनाते हुये टिहरी झील से सम्बंधित कामों को सौंपा जाना चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला ने कहा कि कांग्रेस चुनावी तैयारियों पर जुट गई है। सभी नव निर्वाचित समितियां व पदाधिकारी बूथ स्तर पर काम करने जा रहे हैं। प्रदेश की आउटरीच कमेटी के सदस्य शांति भट्ट ने कहा कि वे सभी दूरस्थ हिस्सों में जाकर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। कांग्रेसी की मजबूती व जनता की समस्याओं को लेकर सभी से सुझाव भी बैठक में मांगे गये। इस मौके पर सभी निवनिर्वाचित पदाधिकारियों व समिति सदस्यों का फूलमालाओं से सम्मान भी किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश राणा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष दर्शनी रावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, आशा रावत, लक्ष्मी रावत, ममता उनियाल, कुलदीप पंवार, राजेंद्र डोभाल, गब्बर सिंह चौहान, नत्थी लाल, मनीष, मुर्तजा बेग, मुर्शरफ अली आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *