निर्माणधीन सडक़ से ग्रामीणों के भवनों को खतरा पैदा

नई टिहरी

भिलंगना ब्लाक के नैलचामी पट्टी में निर्माणाधीन मुयाल गांव-गौरिया-चामी मोटर मार्ग के कारण ग्रामीणों के भवनों को खतरा पैदा हो गया है। साथ ही गांव के पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। प्रभावित परिवार अपने घरों में डर के साये में रहने को मजबूर है। ग्रामीण भीम सिंह मेहता ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर बताया, कि गांव के नीचे से नव निर्माणाधीन मोटरमार्ग पर कटिंग के भारी भूस्खलन होने से उनका एंव एक अन्य ग्रामीण खिलानंद गोदियाल का मकान खतरे की जद में आ गया है। सडक़ कटिंग के मलबे से उनका आम का बगीचा तथा गांव के संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने विभाग अधिकारियों से शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर उनके भवनों की सुरक्षा हेतु सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है। कहा जब तक उनके भवनों के लिए सुरक्षा दीवार नहीं लगाई जाती तथा क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत नहीं की जाती तब तक वह सडक़ निर्माण का कार्य आगे नहीं होने देंगे। जल्द मांग पूरी न होने पर उन्होंने विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *