शिक्षकों को दिया मिशन कोशिश का प्रशिक्षण
विकासनगर।
ब्लॉक के लांघा और बरोटीवाला संकुल के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों के लिए सोमवार को प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मिशन कोशिश, बृज कोर्स की जानकारी मुहैया कराने के साथ ही कोविड काल में बच्चों को शिक्षणेत्तर गतिविधियों के माध्यम से पाठ्यक्रम से जोड़े रखने पर मंथन किया गया। राजकीय इंटर कालेज बरोटीवाला में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में संकुल समन्वयक सत्येंद्र सिंह रावत ने शिक्षकों को बताया कि बृज कोर्स के तहत छात्र-छात्राओं को दो साल से छूटे हुए पाठ्यक्रम की संपूर्ण जानकारी मुहैया कराई जानी है। जिससे कि प्रत्येक छात्र को नई कक्षा में पहुंचने पर पिछली कक्षा के विषयों का ज्ञान मिल सके। राजकीय इंटर कॉलेज लांघा में आयोजित बैठक में प्रधानाचार्य भूदेव सेमवाल ने बताया कि मिशन कोशिश के तहत विषयवार उपलब्ध कराए लर्निंग आउटकम पर आधारित गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इसी के आधार पर छात्रों की मासिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। बताया छात्र-छात्राओं को गणित, हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान और ईवीएस के संबंध में जानकारी देना, अक्षरों की पहचान और पठन-पाठन को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जाने चाहिए। इसके साथ ही सभी छात्र-छात्राओं की शैक्षिक शंकाओं का ऑनलाइन समाधान किया जाना है। छात्रों को अंग्रेजी सिखाने पर जोर दिया जाना चाहिए और उनकी प्रगति अभिभावकों से साझा की जानी है। बताया कि मिशन कोशिश अभियान को सभी शिक्षकों को गंभीरता से लेना होगा, जिससे कोविड काल में विद्यालयों से दूर छात्र-छात्राओं को उचित शिक्षा मिल सके। प्रशिक्षण शिविर के दौरान ऑनलाइन शिक्षणेत्तर गतिविधियां संपन्न कराए जाने पर भी मंथन किया गया। इस दौरान किरन रावत, सुरेश नौटियाल, राजीव कुमार, जबीर अहमद, राजीव अग्रवाल, पीके शर्मा, बाबूराम आचार्य, नरेश राठौर आदि मौजूद रहे।
