श्रीदेव सुमन का व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
श्रीनगर गढ़वाल।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अन्तर्गत एनएसएस इकाई बिड़ला परिसर श्रीनगर गढ़वाल द्वारा टिहरी जनक्रांति के नायक अमर शहीद श्रीदेव सुमन के शहादत दिवस पर वेबिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य वक्ता पीएस भिलंगवाल ने श्रीदेव सुमन का व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विषय पर अपनी बात रखते हुए स्वयं सेवियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पीएस राणा ने कहा कि जनहित के कार्यो के लिए उम्र लंबी होना आवश्यक नहीं है। अपितु कर्म मायने रखता है, जिसके उदाहरण श्री देव सुमन हैं। कार्यक्रम के संयोजक व एनएसएस समन्वयक प्रो. ओके बेलवाल ने कहा कि युवाओं को समाज के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक वैभव सकलानी ने किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डॉ. बिष्ट, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पांजलि, स्वयंसेवी अक्षिता आदि मौजूद रहे।
