कांग्रेस कार्यालय में चोरी के आरोप में तीन पर केस


हरिद्वार। महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने तीन लोगों पर शहर कार्यालय में घुसकर सामान चोरी करने का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चार दिन पूर्व हरकी पैड़ी से सटे सुभाष घाट में एक भवन में कई साल से संचालित हो रहे शहर कांग्रेस कार्यालय को खाली कराया गया था। कोर्ट के आदेश पर कार्यालय खाली कराने की कार्रवाई की गई थी। उसी दिन कांग्रेसियों ने मामले में तहरीर दी थी। अब महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी की ओर से शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि 19 दिसंबर को अमित कौशिक, अनुराग शर्मा, शिवांग कौशिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कांग्रेस कार्यालय के ताले तोड़ दिए। उस वक्त कोर्ट अमीन भी मौके पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि कार्यालय के सामान को खुर्द-बुर्द किया गया है। कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *