कुविवि की तीन छात्राओं का राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में चयन
नैनीताल
कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर के तीन खिलाड़ियों का 37वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता गोवा में आयोजित की जाएगी। खिलाड़ियों के चयन पर विवि के प्राध्यापकों ने खुशी जाहिर की है। डीएसबी परिसर स्थित क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि परिसर की तीन छात्राओं का उत्तराखंड की मिनी गोल्फ, सेपक टकरा और पेनकाक सिलाट की उत्तराखंड टीम में चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि वैशाली पांडे को मिनी गोल्फ, तेजस्वी कुमार को सेपक टकरा और गायत्री नेगी को पेनकाक सिलाट के लिए चयनित किया गया है। सभी चयनित खिलाड़ी गोवा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी। कुलपति प्रो. डीएस रावत, कुलसचिव दिनेश चंद्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. महेंद्र राणा, डीएसबी परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत, कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. नागेंद्र शर्मा, सुनील, अनीता, लाल सिंह आदि ने उन्हें बधाई दी है।
