किच्छा से लापता युवक की बरामदगी को प्रदर्शन


रुद्रपुर। पिछले 15 दिनों से लापता युवक अर्शवीर की बरामदगी को लेकर परिजनों ने एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस लापता युवक का सुराग नहीं लगा पाई है। एसपी सिटी ने जल्द युवक की बरामदगी का भरोसा दिलाया है। मंगलवार को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और किच्छा से युवक के परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एसपी सिटी मनोज कत्याल से मुलाकात की। उनका कहना था कि किच्छा के ग्राम नजीबाबाद स्थित धौराडाम निवासी गुलजार सिंह का 28 वर्षीय बेटा अर्शवीर सिंह 11 सितंबर को दोपहर में घर से निकला था। वह गांव के ही एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर गया था और पिपलिया चौराहे पर उतर गया था। जब देर रात तक वह घर वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आरोप है कि पिछले कई दिनों से युवक के लापता होने के बाद भी किच्छा पुलिस मामले की जांच में सुस्ती बरत रही है। उन्होंने एसपी सिटी से अर्शवीर की जल्द बरामदगी की मांग की है। वहीं एसपी सिटी ने कहा कि किच्छा कोतवाल को इस संबंध में निर्देशित किया गया है। जल्द एक टीम बनाकर लापता युवक की तलाश की जाएगी। इस दौरान परविंदर सिंह, बंटी खुराना, अंकित सिंह, राजेश तिवारी, नंद लाल यादव, अजय साहनी, चरणजीत सिंह, सतीश जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *