डीएम ने बेस अस्पताल में जांची व्यवस्थाएं
कोटद्वार। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रविवार को बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल आने की सूचना से अस्पताल कर्मियों के बीच अफरातफरी का माहौल रहा। डीएम ने सबसे पहले चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया। उसके बाद उन्होंने भर्ती मरीजों को दी जाने वाली सुविधा का अवलोकन किया। सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने अस्पताल के स्टाफ को आने वाले मरीज एवं उनके परिजनों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने भर्ती मरीजों को प्रावधान के अनुरूप सभी सुविधा उपलब्ध करवाने को भी कहा। इसके अलावा अस्पताल की साफ सफाई और ब्लीचिंग का छिड़काव नियमित करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने डेंगू को लेकर एसडीएम और नगर निगम प्रशासन को अलर्ट मोड पर काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम सोहन सिंह सैनी, डॉ. जेसी ध्यानी, डॉ. डीके सिंह, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।
