चार घंटे बाधित रहा ऋषिकेश-गंगोत्री और बदरीनाथ हाईवे


ऋषिकेश। मलबा आने से ऋषिकेश-गंगोत्री और ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे चार घंटे बाधित रहा। जिससे पहाड़ आने जाने वाले लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। दोनों हाईवे बाधित होने से छात्रों के अलावा नौकरीपेशा वालों को वापस लौटना पड़ा। दोपहर 12 बजे मलबा हटाने के बाद यातायात सामान्य हो पाया। जबकि नीलकंठ मोटरमार्ग पर मलबा गिरने से भारी वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर हिंडोलाखाल और नरेन्द्रनगर के पास मलबा आ गया। जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। करीब दो घंटे बाद मलबा हटाने पर यातायात शुरू हो पाया। लेकिन एक घंटे बाद 10 बजे फिर मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही थम गई। फिर करीब दो घंटे का समय मलबा हटाने में लगा। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे भी सुबह 8 बजे तोताघाटी में चट्टान गिरने से बाधित हो गया। बारिश में चलते लगातार करीब एक घंटे तक मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा। दो जेसीबी मलबा हटाने में लगाई गई। करीब दो घंटे बाद बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सामान्य हो पाया। उधर, नीलकंठ मोटरमार्ग पर भी मलबा गिरने से लोगों को दिक्कत आई। जिस कारण मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया। बारिश थमने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *