पुश्ता धंसने के बाद आवाजाही के लिए बंद हुई अस्थाई पुलिया


नई टिहरी। तीर्थनगरी देवप्रयाग में शांता नदी में आये उफान के बाद यहां बनी अस्थायी पुलिया को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। इसके चलते बस स्टेशन, शांति बाजार से आने वाले यात्रियों, स्थानीय लोगों, छात्र-छात्राओं की मुश्किल बढ़ गयी है। उन्हें आधा किमी से अधिक चल कर भागीरथी पुल व नगर के बाजारों तक पहुंचना पड़ रहा है। बीते 11 मई 2021 को शांता नदी में आये सैलाब से यहां बड़ी तबाही हुई थी। जिसमें तीन मंजिला आईटीटी भवन सहित यहां स्थित पुलिया, दुकानें आदि बह गए थे। तत्कालीन सीएम तीरथ सिंह रावत ने यहां दौरा कर तुरंत नई पुलिया बनाने के आदेश दिये थे। मगर पिछले दो साल से यहां पुराने लोहे की चद्दर से बनी पुलिया से ही काम चलाया जा रहा है। सोमवार को पुल के नीचे का पुश्ता धंसने व जन हानि होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुलिया पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर पुलिस तैनात कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *