भाजपाईयों ने दी स्व० श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि
पौड़ी
जनसंघ के संस्थापक स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर नैनीडांडा मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्मरण करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। नैनीडांडा में आयोजित सभा में क्षेत्र के भाजपाइयों ने स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान व बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। 23 जून 1953 को रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई थी। मंडल उपाध्यक्ष कमल किशोर ध्यानी ने स्व. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे धारा 370 के प्रखर विरोधी थे। एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान की उन्होंने खिलाफत की व तत्तकालीन प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू से वैचारिक मतभेद के चलते पहले कांग्रेस व फिर मंत्री पद से इस्तीफा देकर 21 अक्टूबर 1951को राष्ट्रीय जनसंघ की स्थापना की थी। 1977 में जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हुआ व जनता पार्टी का विघटन होने पर 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गई। उनकी विचारधारा से पल्लवित, पोषित होकर भारतीय जनता पार्टी आज का स्वरूप प्राप्त कर अस्तित्व में है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी आमंत्रित सदस्य बीएल मधवाल, ज्येष्ठ उप प्रमुख ललित पटवाल, मंडल उपाध्यक्ष कमल किशोर ध्यानी, मंडल महामंत्री शशि कुमार ध्यानी, संघ विचारक सुरेंद्र सिंह, शक्ति केंद्र प्रभारी विनोद, समाजसेवी सत्यपाल सिंह, भाजपा कार्यकर्ता जयपाल सिंह, गौर सिंह, रेनू देवी आदि मौजूद रहे।
