जुड्डो में ग्रामीणों का धरना जारी
विकासनगर
लखवाड़-व्यासी बांध परियोजना स्थल जुड्डो में मंगलवार को भी ग्रामीणों का धरना जारी रहा। जून माह के पहले पखवाड़े में स्थानीय प्रशासन से दो दौर की वार्ता के बाद भी मांगों के समर्थन में कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। धरना दे रहे ग्रामीणों का कहना है जल विद्युत निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार उनकी उपेक्षा कर रही है। प्रदेश सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि अ_ारह दिन से शांति पूर्ण आंदोलन करने के बावजूद सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। जनता की परेशानियों को दूर करने का दावा करने वाले जन प्रतिनिधि धरना स्थल तक आने की जहमत नहीं कर रहे हैं। जिससे अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। बताया कि मांगों के संबंध में जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन का स्वरूप बदल कर सडक़ों पर धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में नरेश चौहान, शूरवीर सिंह, संजय, इंदर सिंह, राजपाल, संदीप, गुड्डी देवी, उषा देवी, स्वीटी, विमला आदि शामिल रहे।
