डॉक्टर ने पदोन्नति को पत्र लिखा
नैनीताल। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल ने दस सालों से पदोन्नति न होने पर निदेशालय को पत्र लिखा है। आरोप है कि उनसे जूनियर डॉक्टरों को संयुक्त निदेशक के पद तक पदोन्नति मिल गई है। पर उन्हें पदोन्नति नहीं दी जा रही है। डॉ. जगदीश चंद्र जोशी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर हैं। उन्होंने निदेशालय को भेजे पत्र में कहा कि वह बीते दो साल 8 माह से नैनीताल में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वितीय के पद पर कार्यरत हैं। 29 वर्ष की राजकीय सेवा दे चुके हैं। पर पिछले दस वर्ष के बाद भी उन्हें वरिष्ठता के आधार पर प्रमोशन तक नहीं दिया गया। जबकि अन्य जूनियर डॉक्टरों को संयुक्त निदेशक पर प्रमोशन दिया गया। कई खराब एसीआर वाले डॉक्टरों को भी पदोन्नति मिल चुकी है।उन्होंने इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की है। डॉ. जोशी ने स्वास्थ्य महानिदेशक से उनकी न्यायोचित मांग पर उन्हें प्रमोशन देने की मांग की है। नैनीताल सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी का कहना है कि पदोन्नति का शासन स्तर का मामला है। जिस पर उच्चस्तर से ही निर्णय लिया जाता है।
