अब कांग्रेस का विजय रथ चल पड़ा है : नेगी
नई टिहरी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर जिला कांग्रेस कमेटी ने हर्ष जताया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे पार्टी के लिए संजीवनी बताया। कर्नाटक विस चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कर्नाटक की जीत ऐतिहासिक है, अब कांग्रेस का विजय रथ चल पड़ा है। हिमाचल जीतने के बाद कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल की। निश्चित रुप से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की कड़ी मेहनत लगातार जनता से संवाद करने से ये जीत मिली है। कहा कि हिमाचल व कर्नाटक जीत से कांग्रेस को संजीवनी मिली है और कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वालों को जनता ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता ने सबक सिखाया है। कांग्रेस नेता आकाश कृषाली ने कहा कि कांग्रेस ने यह चुनाव जनहित के मुद्दों पर जीता है। कर्नाटक का जनादेश समाज के सभी वर्गों के न्याय और विकास के पक्ष में है।
