जनशक्ति सोसाइटी के नाम से ठगने वालों पर एक और मुकदमा



देहरादून। जनशक्ति मल्टीस्टेट मल्टी पर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी की चिटफंड ठगी में एक और मुकदमा दर्ज हो गया है। नया मुकदमा पटेलनगर थाने में दर्ज किया गया है। इसमें कंपनी के तीन एजेंटों को आरोपी बनाया गया है। इनमें एक बंगाली डाक्टर शामिल है। आरोप है कि यह एजेंट रकम वापस मांगने पर लोगों से मारपीट कर धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण सिंह नेगी ने बताया कि ब्रह्मपुरी में स्कूटर मैकेनिक की दुकान चलाने वाले सोनपाल समेत कई अन्य लोगों ने तहरीर दी। कहा कि उनकी दुकान के बराबर में बंगाली डाक्टर सूरत राय का क्लीनिक है। साल 2021 में सूरत राय ने पीड़ित को बताया कि वह मनीष कुमार और आशीष कुमार के साथ जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी पर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी के एजेंट हैं। झांसा कि लोग सोसाइटी में चिटफंड की तरह रकम जमा करेंगे तो उन्हें अच्छा रिटर्न मिलेगा। डाक्टर के झांसे में आकर मोहल्ले के काफी लोगों ने मासिक रकम जमा करानी शुरू कर दी। रकम जमा कराने वालों में प्रमिला देवी, मुकेश कुमार, राहुल कुमार, विश्वजीत सिंह, रिंकु देवी, आनंद कुमार, राजकुमारी देवी, शिवम कुमार समेत अन्य लोग भी शामिल हैं। रकम जमा करने के बाद जब वापस मिलने का समय आया तो उनकी रकम नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *