सड़क निर्माण के लिए मंडलायुक्त से मिले ग्रामीण
बागेश्वर। करुली बैंड से गाजली, कलाग, बिजौरिया के लिए सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर क्षेत्र के लोगों न कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज लोगों ने मंडलायुक्त दीपक रावत से मुलाकात की। चार साल बाद भी सड़क निर्माण पूरा नहीं होने पर हो रही परेशाानी से अवगत कराया। लोनिवि कपकोट व ठेकेदार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। ग्रामीण वाहन में बैठकर शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां आयुक्त रावत से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 2019 में करुली बैंड से उनके गांव के लिए सड़क निर्माण शुरू हुआ, लेकिन चार साल बाद भी गांव तक सड़क नहीं पहुंची है। ठेकेदार ने आधा-अधूरा कार्य करने के बाद निर्माण कार्य छोड़ दिया है। इस समस्या को वह विभाग से लेकर डीएम तक बता चुके हैं, लेकिन समस्या आज भी जस की तस है। गत वर्ष विधानसभा चुनाव का ग्रामीणों ने बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी। तब विभाग तथा प्रशासन के लोगों ने गांव में आकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि मई 2022 तक सड़क निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन अब दूसरी मई आने वाली है, उनकी समस्या पर कोई हल नहीं हुआ है। उन्होंने आयुक्त से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। मांग करने वालों में गोपाल राम, गोविंद राम, मोहन सिंह नेगी, दीवान सिंह, नंदन राम, गोपाल राम आदि मौजूद रहे
