स्वच्छता पखवाड़ा मनाया
नई टिहरी। बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल की ओर से नमामि गंगे एवं स्पर्श गंगा कार्यक्रम के तहत स्वच्छता पखवाड़ा मनाया गया। पखवाड़े के तहत छात्र-छात्राओं ने बूढ़ाकेदार मंदिर में रैली निकालते हुए स्वच्छता अभियान चलाया। छात्र-छात्राओं ने लोगों को नशा मुक्ति व नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। बालगंगा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बूढाकेदार के मुख्य बाजार में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को गंगा को स्वच्छ बनाए रखने तथा नशामुक्ति को लेकर लोगों को जागरुक किया। इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने बूढ़ाकेदार गांव में रैली निकालते गुरु कैलापीर देवता मंदिर में अभियान चलाकर साफ-सफाई की। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बिपिन चंद्र उनियाल ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा सभी छात्र-छात्राओं को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए मंदिर परिसर में बेल पत्र के पौधे रोपे। इस मौके पर नमामि गंगे नोडल अधिकारी डॉ. रीना पुरोहित ने रुद्राक्ष, बेल पत्र, लेमन ग्रास आदि की उपयोगिता तथा इन पौधों की खेती से रोजगार प्राप्त करने की जानकारी प्रदान की। इस मौके पर डॉ. कृष्ण चंद्र नेगी, डॉ. रेखा बहुगुणा, डॉ. अर्चना कुनियाल, डॉ. जयवीर फरस्वान, बद्रीश बडोनी, सुनील रावण, अनिल कंसवाल, बृजलाल सैनी, सनोप सिंह राणा, प्रकाश राणा, पूरण सिंह, धीरेन्द्र नौटियाल, राम प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद रहे।
