11 गोल्ड मेडल कब्जा कर विजेता बना पॉलीटेक्निक श्रीनगर
श्रीनगर गढ़वाल। प्राविधिक शिक्षा विभाग की तीन दिवसीय जोनल स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गई हैं। प्रतियोगिताओं में राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के छात्र-छात्राओं ने 11 गोल्ड मेडल हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि 6 गोल्ड मेडल प्राप्त कर राजकीय पॉलीटेक्निक गौचर दूसरे व 4 गोल्ड मेडल के साथ कोटद्वार तीसरे स्थान पर रहा। शुक्रवार को एनआईटी खेल मैदान में प्राविधिक शिक्षा विभाग की जोनल स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता के अंतिम दिन छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत गढ़वाली और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सचिव प्राविधिक शिक्षा परिषद रूड़की देशराज ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर जोनल खेल कूद प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य एसके वर्मा ने विजेता छात्र छात्राओं को शुभकामना दी। इस मौके पर संयुक्त निदेशक एए हाशमी, आलम खान, रीना नवानी, विनोद डोभाल, विजेंद्र ममगांई, अरविंद किशोर बिष्ट, प्रदीप, आंचल राणा, भूपेंद्र राणा, सोनम, शिवानी, भावना व अनुराधा आदि मौजूद रहे।
