बारिश के बाद कंपकंपी बढ़ी

 

ऋषिकेश। ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश से ठंड बढ़ गई। दोपहर बाद घने बादल छाने और झमाझम बारिश से दिन में ही अंधेरा पसर गया। बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। लेकिन फसल के लिये बारिश संजीवनी बताई जा रही है। बारिश से बाजार में भी सन्नाटा रहा। मंगलवार दोपहर बाद ऋषिनगरी में झमाझम बदरा बरसने शुरू हो गये। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश का दौरे चला। अचानक बारिश से बाजार में खरीदारी को आये लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के चलते नालियां चौक होने से पानी सड़कों पर बहता रहा। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के रेलवे मार्ग, मुखर्जी चौक, तिलक मार्ग, क्षेत्र मार्ग, पुरानी सब्जी मंडी में नालियां चौक होने से दिक्कत आई। बारिश से ऋषिकेश में ठंड भी बढ़ गई है। खराब मौसम के चलते दोपहर बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया। बारिश को फसल के लिये लाभकारी माना जा रहा है। गेहूं और सरसों की फसल के लिये बारिश संजीवनी बताई जा रही है। बारिश के चलते रोडवेज और पहाड़ जाने वाली बसों में सवारियों की संख्या भी कम रही। लोग सर्दी और बारिश से बचने को अपने घरों से नहीं निकले। ऋषिकेश नगर निगम के नगर आयुक्त राहुल गोयल का कहना है कि पॉलिथिन के साथ कूड़ा-करकट फंसने से नालियां चौक हो रही है। लगातार सफाई की जा रही है। इसके लिये शहर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उधर, मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते दो दिनों से धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी। लेकिन मंगलवार को बारिश और ठंडी हवाएं चलने से लोग ठिठुरते नजर आए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *