मुख्तार अंसारी को लेकर यूपी से पंजाब तक लड़ाई, दोनों सरकारें आमने-सामने
जालंधर
बाहुबली मुख्तार अंसारी को लेकर लंबे समय से पंजाब व उत्तर प्रदेश की सरकारों के बीच चल रही खींचतान व सियासत ने पंजाब की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में दोनों सरकारें अपनी-अपनी दलीलों के जरिए मुख्तार को लेकर उलझी हुई हैं। अकाली नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया सहित समूचे विपक्ष ने पंजाब सरकार को इस मामले में संकट में डाल दिया है। पंजाब में चल रहे विधानसभा के सत्र में मामला उठने के बाद अचानक से अपराधी से बाहुबली नेता बने मुख्तार अंसारी में हर आम व खास की दिलचस्पी लगातार बढ़ती जा रही है कि इस मामले में आखिरकार जीत पंजाब की कांग्रेस सरकार की होती है या फिर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की।
मुख्तार यूपी के मऊ से पांच बार विधायक रहे। वर्तमान में वह पंजाब की रोपड़ जेल में बंद हैं। उन्हे उत्तर प्रदेश भेजने की यूपी सरकार की अर्जी पर भले ही सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया हो, लेकिन ये मामला इन दिनों दो सरकारों के बीच बड़ी रार बनकर सामने आया है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी की भाजपा सरकार सरकार मुख्तार को यूपी भेजने के लिए सुप्रीम कोर्ट की शरण में है।
