सवारियों का दबाव बढ़ने पर दिल्ली रूट पर तीन अतिरिक्त बसें चलाई

ऋषिकेश। ऋषिकेश में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को दिल्ली और देहरादून रूट पर बसों भीड़ उमड़ने से सीट के लिए मारामारी रही। सवारियों का दबाव बढ़ने पर रोडवेज डिपो प्रशासन ने दिल्ली रूट पर तीन अतिरिक्त बसें चलाई। जबकि दून रूट की बसों के फेरे बढ़ाए गए। रोडवेज डिपो की अतिरिक्त व्यवस्था के बाद भी परिवहन सेवा सुचारू नहीं हो सकी। गुरुवार को संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर में सुबह से ही सवारियों की भीड़ रही, जिसमें ज्यादातर सवारियां दिल्ली और देहरादून जाने वाली थी। यहां लोग सामान के बोझ के साथ बसों का इंतजार करते नजर आए। दिल्ली रूट पर संचालित बसों के फुल होकर चलने से लोगों को बसों में सीट नहीं मिली, जिससे उन्हे दूसरी बस का इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक नियमित सभी बसों के दिल्ली रवाना होने के बाद सवारियों की भीड़ के चलते रोडवेज डिपो प्रशासन ने क्रमवार तीन बसें दिल्ली रूट पर और भेजी। यही हाल दून रूट की बसों का रहा। बसों के निर्धारित फेरे और सवारियों की बढ़ती भीड़ के कारण बसों में सीट के लिए मारामारी होती रही। रोडवेज डिपो प्रशासन ने दोपहर बाद दून रूट की बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाकर व्यवस्था सुचारू करने का प्रयास किया लेकिन व्यवस्था सुचारू नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *