सूअरों के अज्ञात बीमारी की चपेट में आने की जताई आशंका

पौड़ी। शहर की वाल्मीकि बस्ती में सूअरों के अज्ञात बीमारी की चपेट में आने का अंदेशा जताया गया है। शहरवासियों ने डीएम और नगरपालिका प्रशासन से इस मामले में जल्द कदम उठाने की मांग की है। बीआर मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दामोदर प्रसाद ममगाईं ने डीएम और नगरपालिका प्रशासन को ज्ञापन देकर बताया कि थाना पौड़ी गदेरे के समीप इन दिनों बहुत दुर्गंध चल रही है। कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि वाल्मीकि बस्ती में सूअर संभवत: किसी अज्ञात बीमारी से मर रहे है। जिन्हें बस्ती के बीच, स्कूल की चारदीवारी के आसपास, आवासीय भवनों के बीच दफनाया जा रहा है। कहा कि इससे स्कूल के बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का अंदेशा है। कहा कि शहर में जगह-जगह सूअर घूम रहे है और इस बीमारी से बाजार में स्थिति भयंकर हो सकती है। उन्होंने डीएम व ईओ से पशुओं की जांच व बस्ती के पास दफनाए गए सूअरों को बस्ती से दूर कही जंगल में दफनाने की मांग की है। डीएम पौड़ी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि इसको लेकर नगरपालिका व पशुपालन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *