गढ़वाल आयुक्त ने बदरीनाथ में यात्रा का लिया जायजा

चमोली। गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और मास्टर प्लान के अंतर्गत कराए जा रहे प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर कमिश्नर ने संतुष्टि जाहिर की। कमिश्नर ने गढ़वाल विकास निगम में यात्रा से जुड़े अधिकारियों के साथ यात्रा व्यवस्था का फ़ीड बैक लिया।
मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए। विभागवार समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने बताया कि इस समय यात्रा सुखद और सुरक्षित ढंग से चल रही है। चारों धामों में अब तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु आ चुके हैं। चारधाम में आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया है कि यात्रियों की सुविधा के लिये गौचर, मंडल, पांडुकेश्वर में रजिस्ट्रेशन केंद्र तत्काल बनाया जाय ताकि यात्रियों को यह सुविधा मिल सके। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, एसपी श्वेता चौबे,संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. दीपक सैनी,अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, एसीएमओ डॉ. वीपी सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *