देवप्रयाग संगम पर छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में नमामि गंगे के तहत नदियों के उत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग से राष्ट्रीय नदी की शुरुआत होती है, इसलिये गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने का पहला दायित्व हमारा है। छात्र-छात्राओं की ओर से महाविद्यालय से अलकनंदा और भागीरथी संगम तक जन जागरूकता रैली निकाली।देवप्रयाग गंगा संगम स्थल पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अर्चना धपवाल और नमामि गंगे के नोडल अधिकारी तथा एनएसएस प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार टम्टा की अगुवाई में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। कॉलेज के कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से संगम स्थल से जैविक और अजैविक कूड़े को एकत्रित कर नष्ट किया। साथ ही संगम पर स्नान व पूजन के लिये आने वाले यात्रियों से गंगा की निर्मलता और शुद्धता बनाये रखने की अपील की गई। छात्र-छात्राओं ने गंगा तीर्थ देवप्रयाग के सभी वार्डों में भी स्वच्छता और जन जागरण अभियान चलाया। इस दौरान सभी को नमामि गंगे कैप और टी-शर्ट बांटी गई। महाविद्यालय में गंगा और उसकी सहायक नदियों की अविरलता, निर्मलता पर संगोष्ठी भी आयोजित हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं से आम जनमानस को नदियों की स्वच्छता बनाये रखने हेतु जागरूक करने को कहा। डॉ. जीपी थपलियाल ने पॉलीथिन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. दिनेश कुमार ने नदी उत्सव और पॉलीथिन उन्मूलन के विषय पर जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. तौफीक अहमद, डॉ. सृजना राणा, डॉ. शीतल, डॉ. दिनेश नेगी, डॉ. मनीपा सती, डॉ. रंजू उनियाल, प्राची फर्त्याल, निकिता चौहान, मेहताब सिंह आदि मौजूद थे।
