हर्षोल्लास से मनाया गीता जयंती महोत्सव
ऋषिकेश।
स्वर्गाश्रम स्थित गीता आश्रम में गीता जयंती महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विद्यार्थियों ने गीता पाठ प्रस्तुत किया। मंगलवार को गीता आश्रम इंटरनेशनल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ब्रह्मलीन स्वामी वेदव्यासानंद सरस्वती के गद्दी स्थल में आयोजित गीता जयंती महोत्सव की शुरुआत हवन यज्ञ के साथ हुई। संत समागम में भारत माता मंदिर हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने प्राचीन ग्रंथ गीता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गीता में भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं। महंत सुलीक्षण मुनि, महंत परशुराम, स्वामी सिद्धानंद महाराज, संध्या गिरी ने भी विचार रखे। गीता महोत्सव में स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत गीता पाठ ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। दोपहर में गीता आरती और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन किया गया। मौके पर गीता चैतन्य, चंद्रमित्र शुक्ला, त्रिभुवन उपाध्याय, भानुमित्र शर्मा, आदेश तोमर आदि मौजूद रहे।
