सिंचाई विभाग की लापरवाही से किसानों को भारी नुकसान

रुडकी

सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। राजवाहे में क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने से पानी आसपास के खेतों में भर गया। जहां पर गेहूं की फसल खड़ी थी। कई बागों में भी पानी घुस गया। बाद में सिंचाई विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद धीरे-धीरे पानी कम हुआ। गंगनहर से निकलने वाले सर्की राजवाहे में सिंचाई विभाग ने क्षमता से अधिक पानी छोड़ दिया। जिसके चलते राजवाहा ओवरफ्लो होने के कारण उसका पानी आसपास के खेतों में घुसने लगा। किसानों को जब इस बात का पता चला तो वह अपने खेतों की ओर दौड़े। किसान महबूब हसन, अलताफ, संजय, कृष्ण आदि का कहना है कि गेहूं की फसल अब तैयारी पर है। ऐसे में खेतों में पानी का जमा होना गेहूं की फसल के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो सकता है। आम के बगीचों की रखवाली कर रहे ठेकेदारों व मजदूरों ने भी पानी को रोकने के लिए कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह पानी को रोकने में सफल नहीं हुए। इसके बाद सिंचाई विभाग को सूचना दी गई तब जाकर आसफनगर रेगुलेटर से पानी को कम किया गया। जिसके बाद धीरे-धीरे राजवाहे में पानी नियंत्रित हो सका।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *