भारत से टी-20 सीरीज में मिली हार के बावजूद नए जोश से उतरेगी किवी टीम 

 
कानपुर।
 टी-20 की सीरीज हारने के बाद भी न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को टेस्ट मैच में जीत का पूरा भरोसा है,हालांकि वह टीम इंडिया को कतई कमजोर नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि भारतीय टीम को घरेलू माहौल का जरूर फायदा मिल सकता है लेकिन उनकी रणनीति सीरीज के पहले मैच में जीत जरूर दिलाएगी। उनकी टीम मैच जीतने का पूरा दम और जोश रखती है क्योंकि बल्लेबाज ज्यादा मजबूत हैं।
25 नवंबर से कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। इसके लिए दोनों ही टीमें कानपुर पहुंच चुकी हैं और मैदान में खिलाड़ियों का अभ्यास सत्र जारी है। इसी बीच न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियमसन बुधवार को वर्चुअली मीडिया से मुखातिब हुए और मैच के लिए बनाई रणनीति पर बात की। उन्होंने कहा कि ग्रीनपार्क में भारतीय टीम को घरेलू माहौल का फायदा मिलेगा और स्पिनरों के लिए मददगार विकेट पर हराना चुनौतीपूर्ण रहेगा। इसे देखते हुए हमारी टीम तीन स्पिनर्स के साथ उतरने की तैयारी बना चुकी है। टी-20 मुकाबलों में मिली हार को भूलकर हमारी टीम ,नए जोश के साथ तैयार है और टेस्ट सीरीज के पहले मैच में जीत से आगाज करेगी।
विलियमसन ने कहा कि हमारी बैटिंग साइड मजबूत है। हमारे पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारतीय स्पिन कंडीशन को बेहतर तरह से खेलने में सक्षम है। न्यूजीलैंड की टीम स्पिनर के साथ तेज गेंदबाजों को भी लेकर मैदान में उतरेगी। हमारी टीम में रॉस टेलर के अलावा कई ऐसे बल्लेबाज हैं, जो भारतीय टीम के लिए चुनौती बन सकते हैं। घरेलू मैदान में भारतीय टीम हमेशा से बेहतर रही है लेकिन इस बार न्यूजीलैंड की गेंदबाजी का क्रम चुनौती देने को तैयार है। कीवी कप्तान ने कहा कि भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में हार से मनोबल जरूर कमजोर हुआ था लेकिन टीम फिर नए जोश और पूरी तैयारियों के साथ मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *