जाग उठे अफगान, अब भागेगा तालिबान! गलियों में नारेबाजी, सोशल मीडिया पर हैशटैग
काबुल।
काबुल तालिबान के कहर से उकताए अफगान नागरिकों ने उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हेरात शहर में बीती रात बड़ी संख्या में अफगान नागरिक जुटे और अल्लाहू अकबर के नारे लगाते हुए गलियों में मार्च किया। इन अफगान नागरिकों ने अपने देश की सरकार का समर्थन किया और अपने प्रांत की रक्षा करने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि तालिबान ने अफगानिस्तान पर कहर ढाया हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों में तालिबानी लड़ाके जमकर मारकाट कर रहे हैं। कई प्रांतों में तालिबान के कब्जे की खबरें आ रही हैं।
इंटरनेट पर भी मिल रहा है समर्थन
इन नागरिकों ने दक्षिणी हेरात में तालिबान के खिलाफ अफगान सुरक्षा बलों को मिलने वाली कामयाबी का जश्न भी मनाया। गौरतलब है कि हेरात में पिछले सात दिन से तालिबान और अफगान सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष चल रहा है। इस बीच हेरात में आम लोगों द्वारा तालिबान का विरोध किए जाने का पूरे देश में स्वागत हुआ है। इंटरनेट यूजर्स सोशल मीडिया पर हेरात अपराइजिंग और अल्लाहू अकबर के हैशटैग चलाकर हेरात के लोगों का समर्थन कर रहे हैं। वहीं काबुल के लोगों ने भी सोशल मीडिया पर कुछ इसी तरह की मुहिम चला रखी है।
सरकार भी नागरिकों का समर्थन पाकर खुश
नागरिकों द्वारा तालिबान के विरोध की सरकारी स्तर पर भी तारीफ हो रही है। प्रथम उपराष्ट्रपति अमरुल्ला साहेल ने कहा कि वह इस दिन का इंतजार कर रहे थे। वह आम नागरिकों द्वारा इस तरह से तालिबान का विरोध करने पर काफी उत्साहित महसूस कर रहे हैं। मंगलवार को हेरात के गवर्नर जनरल अब्दुल सबूर कानी ने कहा कि यहां पर सुरक्षा बलों को हवाई मदद मिल रही है। बड़े पैमाने पर मिलिट्री ऑपरेशन चलाकर इस प्रांत को जल्द ही तालिबान से खाली करा लिया जाएगा। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को आम नागरिकों लेकर जा रही एक बस पर हुए हमले में 10 लोगों की जान चली गई है।
