हल्द्वानी में लोगों को आग में झोंकने का प्रयास हुआ, उपद्रवी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगेः पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वनभूलपुरा में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए आज हल्द्वानी का दौरा किया और हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों और पत्रकारों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती घायलों से भी बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। कल हमारी महिलाकर्मियों को मारा पीटा गया है, पत्थरों और बंदूकों से उन पर हमला किया है। इसके बारे में जितना खराब कहा जाए वो कम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है, इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के साथ मारपीट हुई है, बुरी तरह से उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा है कि कानून अपना काम करेगा। जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उन पर कार्रवाई की जाएगी।
