तेदेपा सांसद जयदेव गाला ने कुछ समय के लिए राजनीति से दूरी बनाने की घोषणा की

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता जयदेव गाला ने रविवार को घोषणा की कि वह कुछ समय के लिए राजनीति से दूर रहेंगे और आगामी आम चुनाव नहीं लड़ेंगे। जयदेव वर्तमान में आंध्र प्रदेश के गुंटूर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं।अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देते हुए, जयदेव ने कहा कि वह देश की सेवा करना और विकास में योगदान देना जारी रखेंगे, क्योंकि यह व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों रूप से उनका मार्गदर्शक कारक है। तेदेपा संसदीय दल के नेता ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘भारी मन से मैं आगामी आम चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसले की घोषणा करता हूं। मैं (अपने) व्यवसाय पर ध्यान केंद्रित करने के लिए राजनीति से कुछ समय के लिए दूरी बना रहा हूं।’’वहीं, जयदेव ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि संसद में कुछ मुद्दों को उठाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने उनसे दो बार पूछताछ की थी। जयदेव ‘अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी लिमिटेड’ के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और दो बार के सांसद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *