बंद घर में चोरों ने बोला धावा, बाइक समेत नगदी-जेवरात चोरी
रुद्रपुर(
चोरों ने बंद घर में धावा बोलकर बाइक समेत नगदी और जेवर चोरी कर लिए। पंजाब से लौटे परिवार ने घर में सामान बिखरा देखा तो होश उड़ गए। गृह स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में वार्ड संख्या सात निवासी राजेन्द्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि बीते 30 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह घर से व्यास (पंजाब) गए थे। चार दिसंबर को सुबह लगभग 11 बजे लौटे तो देखा की घर के गेट का ताला टूटा हुआ है। घर में खड़ी बाइक, राजेन्द्र का ड्राइविंग लाइसेंस, 15 से 20 हजार की नगदी और करीब एक लाख रुपये के सोने और चांदी के जेबरात गायब थे। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था। राजेन्द्र ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसआई हरविंदर कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच की जा रही है।
